लखनऊ। कहते हैं कि अगर प्यार सच्चा हो तो दूरियां और वक्त भी रिश्तों को खत्म नहीं कर सकते। ऐसा ही एक मामला राजधानी लखनऊ से सामने आया है, जहां जापान के एक कपल ने तलाक के चार साल बाद फिर से एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। जापान के रहने वाले हीरो चिहारा (Hiro Chihara) और शिसु ने गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोबारा शादी रचाई। इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तलाक के चार साल बाद फिर एक हुए
जानकारी के मुताबिक, हीरो चिहारा और शिसु पहले पति-पत्नी थे, लेकिन किसी वजह से दोनों का तलाक हो गया था। करीब चार साल तक अलग रहने के बाद दोनों एक बार फिर करीब आए और साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने अपनी शादी के लिए जापान के बजाय लखनऊ को चुना।
वैदिक मंत्रों के बीच लिए सात फेरे
23 नवंबर को गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में दोनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की रस्में निभाईं। पंडितों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया। कपल ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर साथ निभाने का वादा किया।
इस खास मौके पर दुल्हन शिसु साड़ी में नजर आईं, जबकि हीरो चिहारा ने कुर्ता-पायजामा पहना था। शादी में उनके बच्चे, परिवार के सदस्य और दोस्त भी मौजूद रहे। मंदिर में मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच विवाह समारोह संपन्न हुआ।
कपल बोला- हमारे लिए बेहद कीमती अनुभव
शादी के बाद कपल ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि यह उनके लिए बेहद कीमती अनुभव था। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के अनुसार शादी करके दोनों बेहद खुश हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव के चलते उन्होंने दोबारा विवाह के लिए लखनऊ को चुना।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जापानी कपल की इस अनोखी प्रेम कहानी का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। यूजर्स इसे सच्चे प्यार और रिश्तों को दूसरा मौका देने की मिसाल बता रहे हैं। तलाक के चार साल बाद एक-दूसरे के साथ नई शुरुआत करने के इस फैसले की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
