लखनऊ। SGPGI के डॉक्टरों ने 26 दिन की नवजात बच्ची के दिल में फंसे करीब पांच सेंटीमीटर लंबे कैथेटर के टुकड़े को बिना बड़ी सर्जरी के निकालकर उसकी जान बचाई। बच्ची को अचानक सांस लेने में परेशानी हुई थी। जांच में पता चला कि पीआईसीसी लाइन का टूटा हुआ हिस्सा उसके दिल के दाएं हिस्से में जाकर फंस गया था। डॉक्टरों ने पैर की नस के रास्ते कैथेटर डालकर फंदे की मदद से टुकड़े को बाहर निकाला। अब बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।
31 सप्ताह में हुआ था बच्ची का जन्म
डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची का जन्म गर्भावस्था के 31 सप्ताह तीन दिन में हुआ था। समय से पहले जन्म के कारण उसे सांस लेने में दिक्कत थी और शुरुआत में वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। बाद में उसे SGPGI की NICU में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बच्ची को सेप्सिस और मेनिनजाइटिस भी हुआ।
लंबे समय तक दवाएं देने के लिए डॉक्टरों ने बच्ची की नस में PICC लाइन डाली थी। इसी लाइन का एक हिस्सा टूटकर रक्त प्रवाह के साथ दिल तक पहुंच गया।
अचानक बिगड़ी हालत, जांच में सामने आया मामला
जन्म के 26वें दिन बच्ची की सांस अचानक उखड़ने लगी। जांच के दौरान पता चला कि करीब पांच सेंटीमीटर लंबा ट्यूब का टुकड़ा दिल के दाएं हिस्से में फंसा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, इसे समय पर नहीं निकाला जाता तो दिल की धड़कन रुकने और खून का थक्का बनने जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती थीं।
बच्ची का वजन बेहद कम होने के कारण ओपन सर्जरी करना भी काफी जोखिमभरा था। ऐसे में डॉक्टरों ने बिना बड़ा चीरा लगाए टुकड़े को निकालने का फैसला किया।
पैर की नस के रास्ते दिल तक पहुंचाया फंदा
कैथ लैब में डॉक्टरों ने पैर की नस के रास्ते एक पतला तार और फंदा दिल तक पहुंचाया। एक्स-रे की मदद से दिल में फंसे कैथेटर के टुकड़े को पकड़ा गया और सावधानीपूर्वक बाहर निकाल लिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में बच्ची को बड़ी सर्जरी से नहीं गुजरना पड़ा।
डॉक्टरों की टीम ने बचाई बच्ची की जान
प्रक्रिया के बाद बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हुआ। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस जटिल प्रक्रिया में विभागाध्यक्ष डॉ. कीर्ति एम. नरस्मे के मार्गदर्शन में डॉ. अंकित साहू और प्रो. आदित्य कपूर ने अहम भूमिका निभाई। टीम में डॉ. अर्चना बख्शीवाल, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. अनिता सिंह, डॉ. आकांक्षा वर्मा और डॉ. फौजिया फरहत भी शामिल रहीं।
