लखनऊ। क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लखनऊ के होटल रमाडा में शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी समारोह में देशभर से करीब 2 हजार मेहमानों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी समेत कई VVIP मेहमानों को निमंत्रण भेजा गया है। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को भी शादी का न्योता दिया गया है।
3 दिसंबर से होटल पहुंचेंगे दोनों परिवार
शादी से एक दिन पहले 3 दिसंबर को रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के परिवार के सदस्य लखनऊ पहुंच जाएंगे। होटल रमाडा में ही मेहंदी, पूजा और अन्य वैवाहिक रस्मों का आयोजन होगा। शादी को लेकर दोनों परिवारों की ओर से तैयारियां अंतिम दौर में हैं।
अखिलेश यादव परिवार के साथ होंगे शामिल
प्रिया सरोज की ओर से सपा प्रमुख अखिलेश यादव को शादी का निमंत्रण दिया गया है। उनके पत्नी डिंपल यादव, बेटियों और बेटे के साथ समारोह में शामिल होने की संभावना है। बताया गया है कि प्रिया सरोज ने प्रियंका गांधी के जरिए राहुल गांधी को भी निमंत्रण भेजा है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रिंकू सिंह की ओर से शादी का कार्ड दिया गया है।
90 सांसद-विधायकों और कई केंद्रीय मंत्रियों को न्योता
शादी में करीब 8 से 10 केंद्रीय मंत्रियों के अलावा लगभग 90 सांसदों और विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कमलेश पासवान के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के भी समारोह में पहुंचने की संभावना है।
क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम भी पहुंचेंगे
रिंकू सिंह के क्रिकेटर दोस्त भी 3 दिसंबर से लखनऊ पहुंचना शुरू करेंगे। शादी में भुवनेश्वर कुमार, तिलक वर्मा, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह, पीयूष चावला और कुलदीप यादव समेत कई क्रिकेटरों के शामिल होने की उम्मीद है। भोजपुरी कलाकार समर सिंह समेत अन्य कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है।
पिंडरा की ज्वेलरी पहनेंगी प्रिया सरोज
शादी के लिए प्रिया सरोज ने दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी से कपड़ों की खरीदारी की है। उन्होंने वाराणसी के पिंडरा की लोकल मार्केट से ज्वेलरी खरीदी है। जयमाल के दौरान वह पिंडरा की ज्वेलरी पहनेंगी। इसके अलावा लहंगे के साथ आर्टिफिशियल ज्वेलरी का कॉम्बिनेशन भी रखा गया है। बनारस की प्रसिद्ध बनारसी साड़ियों की भी खरीदारी की गई है।
वेज रहेगा शादी का मेन्यू
शादी का मेन्यू पूरी तरह वेज रखा गया है। मेहमानों के लिए सूप से लेकर मुख्य व्यंजन और डेजर्ट तक कई तरह के पकवानों की व्यवस्था होगी। दोनों परिवारों की ओर से करीब 2 हजार मेहमानों के स्वागत की तैयारी की जा रही है।
पिछले साल हुई थी सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई पिछले साल 8 जून को लखनऊ में हुई थी। सगाई समारोह में प्रिया सरोज ने जमकर डांस भी किया था। अब दोनों की शादी को लेकर परिवार और करीबियों में उत्साह है।
