आगरा। मथुरा की शाही ईदगाह के गुंबद को हटाने के लिए 6 दिसंबर को कार सेवा के आह्वान के बीच आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार सेवा में इस्तेमाल किए जाने वाले फावड़े, तसले और हथौड़े सहित अन्य उपकरण सच्चिदानंद महाराज को भेंट किए गए। पदयात्रा में शामिल लोगों ने 6 दिसंबर को मथुरा पहुंचने का आह्वान किया।
संतों का माला पहनाकर किया स्वागत
कार्यक्रम में सच्चिदानंद महाराज के साथ लाल बाबा, महेश गिरी और वृंदावन से आए अन्य संत शामिल हुए। सभी संतों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद सच्चिदानंद महाराज ने लड्डू गोपाल की प्रतिमा की आरती उतारी और कार सेवा में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का पूजन किया। इसके बाद पदयात्रा शुरू हुई।
हाथों में फावड़े और तसले लेकर निकले पदाधिकारी
पदयात्रा में बड़ी संख्या में हिंदू महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कुछ लोगों ने सिर पर तसले और हाथों में फावड़े व अन्य उपकरण लेकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘एक धक्का दो, शाही मस्जिद को तोड़ दो’, ‘कृष्ण लला हम आएंगे, मंदिर भव्य बनाएंगे’ और ‘चलो 6 दिसंबर को मथुरा चलो’ जैसे नारे लगाए गए।
दुकानदारों को बांटे पंपलेट, मथुरा पहुंचने की अपील
सच्चिदानंद महाराज ने मनकामेश्वर मंदिर मार्केट में दुकानदारों को पंपलेट बांटकर 6 दिसंबर को मथुरा पहुंचने का न्योता दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सच्चिदानंद महाराज और हिंदू महासभा के पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पांच हजार युवाओं के मथुरा जाने का दावा
हिंदू महासभा की ओर से दावा किया गया कि संगठन करीब पांच हजार युवाओं के साथ 6 दिसंबर को मथुरा जाने की तैयारी कर रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि आगरा के लोग शाही ईदगाह के गुंबद को हटाने की मांग से जुड़ी कार सेवा के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण भेंट कर रहे हैं।
