लखनऊ, 25 नवंबर। समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने उम्मीदवारों के चयन और कांग्रेस के साथ गठबंधन की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि यह सूची कांग्रेस के ‘बड़के भैया’ को जवाब देने के लिए जारी की गई है या ‘एम’ वाले इमरान भाई को।
ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए अखिलेश: राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि अखिलेश यादव ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी से घबराए हुए हैं। इसी वजह से सपा की पहली सूची में घोषित पांच उम्मीदवारों में से चार मुस्लिम हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली से पहले चार मुस्लिम उम्मीदवारों की घोषणा महज संयोग है या फिर मुस्लिम वोटों में सेंध लगने का डर।
कांग्रेस से गठबंधन पर भी उठाए सवाल
राजभर ने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन अखिलेश यादव ने जल्दबाजी में उम्मीदवार घोषित कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सपा कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की पसंद वाली सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है।
मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव में गठबंधन बचाने की चिंता और अपना राजनीतिक समीकरण बनाए रखने की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस को भी इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि बातचीत के बीच सपा उसकी पसंद वाली सीटों पर एक-एक करके उम्मीदवार घोषित कर रही है।
पांच सीटों की सूची पर 403 सीटों का गणित
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने अभी सिर्फ पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, लेकिन उनकी घबराहट सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर दिखाई दे रही है। उन्होंने इसे सपा की राजनीतिक बेचैनी बताते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा।\?KṀ]
