रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से सियासी संदेश देना शुरू कर दिया है। बुधवार को संविधान दिवस से पहले लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के बाहर एक नई होर्डिंग लगाई गई।
इसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरों के साथ वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प जताया गया है।
होर्डिंग पर PDA की नई परिभाषा देते हुए लिखा गया है, ‘PDA प्रेम, दया और अपनापन का संगम है।
‘ इसके जरिए पार्टी ने सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और संविधान के मूल्यों को लेकर संदेश देने की कोशिश की है। होर्डिंग में संविधान को देश की एकता और अखंडता का आधार बताया गया है।
PDA को सामाजिक एकता से जोड़ने की कोशिश
यह होर्डिंग सपा नेता नरेंद्र प्रजापति की ओर से लगवाई गई है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। वह बुजुर्गों का सम्मान करते हैं और युवाओं के भविष्य की चिंता करते हैं। PDA का अर्थ ही सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है।
2027 में अखिलेश को CM बनाने का संकल्प
नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि PDA से जुड़े लोगों ने 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने PDA को दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों को न्याय दिलाने का मिशन बताया। साथ ही दावा किया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का नया इतिहास लिखा जाएगा।
