रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस गुरुवार को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च निकालकर अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक सक्रियता दिखाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सुबह करीब 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। यहां आयोजित संविधान रक्षक सम्मेलन में शामिल होने के बाद वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करेंगे।
यह मार्च प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा। कांग्रेस ने इसे ‘संविधान रक्षा मार्च’ नाम दिया है। इसके जरिए पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार से जुड़े मुद्दे उठाएगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में फाइनल ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद 13,150 मतदाताओं के नाम बदल दिए गए। उनके मुताबिक, इन मतदाताओं के एपिक नंबर और सीरियल नंबर पहले जैसे ही हैं, लेकिन नाम और पिता का नाम बदल दिया गया है।
गौतम ने आरोप लगाया कि बदले गए नामों में 99 प्रतिशत मुस्लिम पुरुषों के हैं। इसके अलावा करीब 2,500 ऐसे नाम जोड़े गए हैं, जिनका भौतिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि करीब 800 जीवित लोगों को मतदाता सूची में मृत दिखा दिया गया है। कांग्रेस प्रभारी ने इन बदलावों के पीछे जिम्मेदार लोगों को लेकर सवाल उठाए हैं।
गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद आंबेडकर प्रतिमा तक मार्च
खड़गे सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद पार्टी नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए हजरतगंज पहुंचेंगे। मार्च का समापन डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर होगा। यहां बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
2027 चुनाव से पहले संगठन की ताकत दिखाने की तैयारी
खड़गे का लखनऊ दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस गठबंधन में करीब 130 सीटों की मांग कर रही है। पार्टी की शुरुआती मांग 181 सीटों की थी, जबकि सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस अमेठी और रायबरेली समेत अपनी मजबूत सीटों पर अधिक हिस्सेदारी चाहती है।
मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, पार्टी के विधायक, सांसद और प्रदेश व जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। कांग्रेस इस आयोजन के जरिए संविधान की रक्षा का मुद्दा उठाने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की सक्रियता भी प्रदर्शित करना चाहती है।
