रिपोर्ट: न्यूज डेस्क लखनऊ
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे को लेकर निशाना साधा है।
राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान? इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 में तो क्या, अगली पैदाइश में भी सपा की सरकार नहीं बनेगी।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश पर हमला
ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को संबोधित किया। उन्होंने लिखा, “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे। महाराज, सुना है आपको रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है। उसी अंदाज में बता दीजिए कि आपके लिए कुरान बड़ा है या संविधान?”
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव संविधान और आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन मुस्लिमों के प्रति उनका रुख अलग है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा है।
मुस्लिम आरक्षण को लेकर सपा पर निशाना
सुभासपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुस्लिमों को आरक्षण का मुद्दा उठाकर वोट हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान नहीं है।
राजभर ने इंदिरा साहनी मामले के साथ पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए दावा किया कि धर्म के आधार पर आरक्षण की कोशिशों को अदालतों में चुनौती मिली है।
‘दूसरे पिछड़े वर्गों के हिस्से पर पड़ेगा असर’
राजभर ने सवाल उठाया कि अगर मुस्लिमों को अलग से आरक्षण दिया जाता है तो एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के हिस्से पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आरक्षण की सीमा के भीतर नया कोटा बनाने से अन्य पिछड़े और दलित वर्गों की हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने अखिलेश यादव और सपा नेताओं पर संविधान में बदलाव की कोशिश का आरोप भी लगाया। राजभर ने कहा कि संविधान की समानता और धर्मनिरपेक्षता की भावना के साथ छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए।
2027 को लेकर भी साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में 2027 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समाज, गैर-यादव पिछड़े और बहुजन समाज सपा की राजनीति को समझ चुके हैं।
इसी दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि “सत्ताइस नहीं, आपकी अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी सपा की सरकार।”
