लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर भाजपा की सामाजिक संपर्क बैठक शुरू हो गई है। बैठक का स्लोगन ‘अनेक समाज, एक परिवार’ रखा गया है। राजभवन कॉलोनी स्थित सरकारी आवास पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह कर रहे हैं।
बैठक में धारकर, सोनकर, धानुक और स्वर्ण समाज समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए समाजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। भाजपा के पूर्व सांसद विनोद सोनकर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जा रही है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा ने सभी समाजों के नेतृत्वकर्ताओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश 25 करोड़ लोगों का एक बड़ा परिवार है। पिछले 10 वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई कहानी लिखी है। सरकार ने कानून-व्यवस्था बेहतर बनाने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया गया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर चलाई जा रही गरीब कल्याण योजनाओं ने हर परिवार का दिल जीता है।
2027 में फिर सरकार बनाने का दावा
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक संपर्क बैठक में सभी समाजों के लोग परिवार की तरह बैठकर चर्चा करेंगे और सामूहिक भोजन भी करेंगे।
सपा की प्रत्याशी सूची पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने इसे तुष्टीकरण की राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि सपा का सर्व समाज से कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी ने सर्व समाज में अपना महत्व खो दिया है। पाठक ने कहा कि भाजपा जन-जन की पार्टी बन चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सभी समाजों का आशीर्वाद मिल रहा है।
:::
