Homeबिज़नेससोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, क्या अभी खरीदना सही? जानें निवेश...

सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, क्या अभी खरीदना सही? जानें निवेश की बेहतर रणनीति

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

शादी के सीजन में सोना-चांदी खरीदने या निवेश करने की योजना बना रहे हैं तो जल्दबाजी से बचें। बाजार के जानकारों का कहना है कि एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय कीमतों में गिरावट आने पर धीरे-धीरे निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है।

सोना और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में कई लोग सस्ते भाव पर खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा बाजार की अस्थिरता को देखते हुए एक साथ पूरी रकम निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है।

वीकैप मनी के फाउंडर और CEO सीए विकास रंजन सहाय के अनुसार, निवेशकों को एकमुश्त निवेश करने के बजाय ‘बाय ऑन डिप्स’ यानी कीमतों में गिरावट आने पर थोड़ा-थोड़ा पैसा लगाने की रणनीति अपनानी चाहिए। इससे बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच निवेश का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।

सोना और चांदी की कीमतों में इतनी बड़ी गिरावट क्यों?

घरेलू सर्राफा बाजार में बुधवार, 25 नवंबर को सोने की कीमत 800 रुपये गिरकर 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। वहीं, चांदी 7,000 रुपये टूटकर 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

आंकड़ों के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को सोना 1.83 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.04 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर थी। इसके बाद से सोने की कीमत में करीब 31 प्रतिशत यानी 57,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी भी अपने उच्च स्तर से 2.54 लाख रुपये नीचे आ गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। हाजिर सोना करीब एक प्रतिशत गिरकर 3,532.40 डॉलर प्रति औंस और चांदी दो प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 40.03 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख गौरव गर्ग के मुताबिक, अमेरिका में मौद्रिक नीति सख्त रहने की आशंका के चलते निवेशक कीमती धातुओं में अपना निवेश घटा रहे हैं। चांदी की कीमतों पर दबाव के पीछे कई वजहें हैं:

  • औद्योगिक मांग में कमी।
  • वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की बढ़ती प्रवृत्ति।
  • अमेरिकी मौद्रिक नीति सख्त बने रहने की आशंका।

शेयर बाजार में लौटी तेजी, रुपये को भी मिली मजबूती

जहां सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली, वहीं घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत उछलकर 83,938.28 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी करीब 470 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बाजार में तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और प्रमुख बैंकिंग शेयरों में लिवाली को अहम वजह माना गया।

इस दौरान रुपये की स्थिति में भी सुधार देखने को मिला। बुधवार को रुपया 65 पैसे मजबूत होकर 92.20 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इसे पिछले आठ महीनों का उच्चतम स्तर बताया गया है। नवंबर में विदेशी निवेशकों ने 1.24 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी बाजार को सहारा मिला।

क्या अभी सोना-चांदी खरीदना चाहिए?

कीमतों में आई गिरावट के बाद सोना और चांदी निवेशकों को आकर्षक लग सकते हैं, लेकिन बाजार में उतार-चढ़ाव अभी बना हुआ है। ऐसे में निवेश से पहले अपनी जरूरत, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखना जरूरी है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि बाजार की दिशा स्पष्ट होने तक पूरी रकम एक साथ लगाने से बचें। इसके बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करना एक विकल्प हो सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular