पटना लॉ कॉलेज में बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज की पीट-पीट कर हत्या किए जाने के मामले में एक अभियुक्त की गिरफ़्तारी हुई है.
गिरफ़्तार चंदन कुमार खुद भी छात्र हैं और वो जैक्सन हॉस्टल में रहते हैं. चंदन कुमार पटना से सटे बिहटा के अम्हारा गांव के रहने वाले हैं.
सिटी एसपी भारत सोनी के कार्यालय की तरफ़ से बयान के मुताबिक, “घटना की वजह पुराना विवाद है. अभियुक्तों ने इस घटना को साज़िश करके अंजाम दिया है. शेष अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के लिए तकनीकी और अन्य स्रोतों से सूचना इकठ्ठी करके लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है.”
सिटी एसपी भारत सोनी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया, “चंदन कुमार बीए के छात्र हैं. उन्हे बिहटा से गिरफ़्तार किया गया है. अभी तक जो सूचनाएं हैं, उसके मुताबिक़ बीते अक्तूबर में आयोजित डांडिया नाइट में चंदन कुमार सहित कुछ छात्रों का विवाद हर्ष राज और उनके दोस्तों से हो गया था. इसके बाद से लगातार दोनो पक्षों में छिटपुट विवाद होता रहता था. इसी से गुस्साए चंदन कुमार सहित दस लड़को ने हर्ष राज पर हमला किया.”
सोमवार यानी 27 मई को पटना लॉ कॉलेज कैंपस में 22 साल के छात्र हर्ष राज की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी. हर्ष राज अपने फ़ाइनल ईयर की परीक्षा देकर परीक्षा भवन से निकल रहे थे, जहां नकाबपोश युवकों ने उन्हें बाँस और ईंट से पीटकर अधमरा कर दिया था.
पटना पुलिस ने इस मामले में विशेष जाँच दल (एसआईटी) का गठन किया था. इस मामले में पटना यूनिवर्सिटी के छात्रों ने आज पीएमसीएच से करगिल चौक तक प्रदर्शन भी किया.
गुस्साए छात्र हर्ष राज के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं.प्रदर्शनकारी छात्रों पर काबू पाने के लिए पुलिस को कारगिल चौक के पास हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा है.
