समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने करहल के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है. बुधवार को करहल सीट की विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट की सदस्यता बरकरार रखने का फैसला किया. इस चुनाव में उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी.अखिलेश यादव ने कन्नौज की सीट पर 1.71 लाख वोटों पर जीत हासिल की थी.
अखिलेश यादव ने मंगलवार को करहल विधानसभा सीट से इस्तीफा देने के फैसले में कहा,’’मैंने मंगलवार को करहल और कन्नौज सीट के पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. मैंने उन्हें बताया की मैंने दो सीटें जीती हैं इसलिए मुझे एक छोड़नी होगी. मैं जल्दी ही आपको विधानसभा सीट छोड़ने की सूचना दूंगा.’’
अखिलेश यादव की तरह ही फैज़ाबाद सीट (इस सीट के तहत ही अयोध्या आता है) से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीते अवधेश प्रसाद ने भी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. वो मिल्कीपुर से विधायक थे.
