Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के 1090 चौराहे पर आकर्षण का केंद्र बनी ‘योगी की पाती’...

लखनऊ के 1090 चौराहे पर आकर्षण का केंद्र बनी ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी, भजनों की धुन पर झूमे लोग

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। राजधानी के गोमती नदी किनारे स्थित 1090 चौराहे पर आयोजित ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां वर्ष 2017 के बाद बदलते उत्तर प्रदेश और ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में बनी उसकी नई पहचान को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में प्रदेश की विकास यात्रा, बदलती तस्वीर और सरकार की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसके साथ ही लोगों को कैनवास पर अपने विचार और प्रतिक्रियाएं लिखने का अवसर भी दिया जा रहा है।

प्रदर्शनी के 50 सप्ताह से अधिक का सफर पूरा होने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी इसमें सहभागिता की। मंगलवार दोपहर सलोन विधायक अशोक कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना ने 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है। उन्होंने नए उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों और उसकी बदली पहचान पर भी अपने विचार रखे।

कैनवास पर लोगों ने लिखे अपने विचार

‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी में पहुंचने वाले लोगों के लिए अपने विचार और भावनाएं व्यक्त करने का विशेष इंतजाम किया गया है। यहां लगाए गए कैनवास पर लोगों ने अपने अनुभव और प्रतिक्रियाएं दर्ज कीं।

लखनऊ की अमृता साहू ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन और विचार उनका मार्गदर्शन करते हैं। वहीं अलीगढ़ के चंद्र प्रकाश सिंह ने प्रदर्शनी को संवाद का बेहतरीन माध्यम बताया। महेश चंद्र विंद ने लिखा कि मुख्यमंत्री योगी की विचारधारा ने प्रदेशवासियों को प्रभावित किया है। इनके अलावा कई अन्य लोगों ने भी कैनवास पर अपने विचार लिखकर प्रदर्शनी की सराहना की।

भजनों की धुन पर झूम उठा ‘रंग दे बसंती’ का मंच

प्रदर्शनी के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। ‘रंग दे बसंती’ मंच पर आरजे प्रतीक ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। उनके गीतों में अध्यात्म, सूफी रंग और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।

उन्होंने ‘गाइये गणपति जगवंदन’, हनुमान चालीसा, ‘श्रीराम-जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’, ‘हर हर महादेव शंभू-काशी विश्वनाथ की जय’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय कर दिया।

इसके अलावा ‘वृंदावन जाऊंगी-कभी न लौटकर आऊंगी’ और गोपाष्टमी पर आधारित ‘छोटी सी गैया-छोटे छोटे ग्वाल’ की प्रस्तुति ने भी लोगों को मंत्रमुग्ध किया। भजनों की धुन पर युवा झूमते और तालियां बजाते नजर आए। आर्यन ने गिटार, अर्जुन ने कीबोर्ड और विट्ठल ने ड्रम पर संगत की। संगीत और भक्ति के इस संगम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।

क्विज प्रतियोगिता में विनायक, आयुष और शिवम विजेता

कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में सही जवाब देकर विनायक, आयुष पटेल और शिवम माधव ने जीत हासिल की।

कार्यक्रम के समापन पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने गायकों, वाद्ययंत्र कलाकारों और क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रदर्शनी में विकास यात्रा के प्रदर्शन, लोगों की प्रतिक्रियाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों को जोड़ने का प्रयास किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular