Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर पहुंचे अखिलेश यादव, PDA रथ के साथ शुरू किया रोड शो;...

गोरखपुर पहुंचे अखिलेश यादव, PDA रथ के साथ शुरू किया रोड शो; चौरी चौरा में करेंगे बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी रणनीति के तहत सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। करीब 12:50 बजे वह गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से PDA रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए।

अखिलेश यादव का रोड शो गोरखपुर एयरपोर्ट से शुरू होकर करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए चौरी चौरा पहुंचेगा। इसके बाद वह देवकही गांव में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। चौरी चौरा में होने वाले कार्यक्रम के लिए करीब दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं की जुटी भीड़

अखिलेश यादव के रोड शो में गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के कार्यकर्ताओं के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं। सपा ने इस कार्यक्रम के जरिए पूर्वांचल में संगठन की सक्रियता और राजनीतिक पकड़ को मजबूत करने का संदेश देने की तैयारी की है।

चौरी चौरा के कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास ‘तिवारी हाता’ भी जाएंगे। यहां वह करीब आधे घंटे रुकने के बाद गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद उनका निजी विमान लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा।

बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण बना राजनीतिक संदेश

अखिलेश यादव के चौरी चौरा दौरे को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चौरी चौरा की क्रांतिकारी पहचान को केंद्र में रखते हुए शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण सपा की पूर्वांचल में क्षेत्रीय जुड़ाव मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

सपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में अपने संगठन को सक्रिय करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली नेताओं और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है।

अजय सिंह उर्फ टप्पू सपा में होंगे शामिल

कार्यक्रम के दौरान अजय सिंह उर्फ टप्पू के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को औपचारिक रूप से सपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।

अजय सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। चुनाव में उन्हें करीब 30 हजार वोट मिले थे। उनके सपा में शामिल होने को भी गोरखपुर क्षेत्र में पार्टी के सियासी समीकरण मजबूत करने की कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular