Homeउत्तर प्रदेशहाथरस भगदड़ मामले पर अखिलेश यादव क्या बोले

हाथरस भगदड़ मामले पर अखिलेश यादव क्या बोले

उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में आयोजित एक सत्संग में मची भगदड़ को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘बीजेपी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को खत्म कर दिया है, कई लोगों की इलाज ना मिलने पर मौत हो गई.’

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ”अधिकारी और प्रशासन समय समय पर तैयारी करते हैं कि भीड़ हो जाए तो भीड़ का प्रबंधन कैसे किया जाए. इमरजेंसी में क्या क्या जरूरतें पड़ती हैं और उन्हें कैसे पूरा किया जाए. स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश में पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं. समाजवादी पार्टी इस बात को बार बार उठाती रही है कि स्वास्थ्य सेवाएं ख़त्म की जा रही हैं.”

उन्होंने कहा, “सरकार नए-नए मेडिकल कॉलेज बनाने का दावा करती है लेकिन जो अस्पताल पहले से चल रहे थे और जिन्हे समाजवादी पार्टी ने शुरू किया था, अगर उसको भी किसी ने ख़राब किया है तो बीजेपी की सरकार ने ख़राब किया है. हालांकि ये विषय नहीं है. लेकिन मुझे याद है कि सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज को शुरू करने का काम नेताजी ने किया था, लेकिन आज उसका हाल क्या है पता कीजिए. एक भी अस्पताल बीजेपी सरकार ने ऐसा नहीं बनाया, जहां गरीब का इलाज हो सके. समय पर इलाज ना मिलने पर कई लोगों की जान चली गई.”

सत्संग में मची भगदड़ से अब तक 121 लोगों की मौत हो चुकी है.यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार दोपहर को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि इसकी जवाबदेही तय होगी और किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा.मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular