Homeउत्तर प्रदेशअमित शाह पर टिप्पणी मामला: यूपी के सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होंगे...

अमित शाह पर टिप्पणी मामला: यूपी के सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी

मानहानि के एक मामले में पेश होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे. भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर राहुल गांधी के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया गया था. यह मामला 2018 का है.

बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी पर बेंगलुरु में एक प्रेस वार्ता के दौरान अमित शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था.

संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार सवेरे विमान से लखनऊ हवाई अड्डे पहुंचे, जिसके बाद वो सुल्तानपुर कोर्ट के लिए रवाना हुए.

इस मामले में राहुल गांधी को 20 फरवरी को जमानत मिली थी.

उस समय राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़कर कोर्ट की पेशी में शामिल हुए थे.

विशेष न्यायाधीश शुभम वर्मा ने राहुल गांधी को कोर्ट में पेश होने के लिए समन किया था. साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर वे कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

राहुल गांधी लगातार पिछली 12 सुनवाई में शामिल नहीं हुए हैं. पिछली सुनवाई में उनके वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने कहा था कि राहुल गांधी अपने संसदीय दायित्वों के चलते सुनवाई में शामिल नहीं हो पाए हैं.

बेंगलुरु में की गई राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद 4 अगस्त 2018 को उनके ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था.

राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा था कि पार्टी साफ और ईमानदार राजनीति में विश्वास करने का दावा करती है जबकि पार्टी के अध्यक्ष एक हत्या के मामले में “आरोपी” हैं. उनका संकेत अमित शाह की तरफ था क्योंकि वह उस वक्त पार्टी के अध्यक्ष थे.

RELATED ARTICLES

Most Popular