उत्तर प्रदेश के बहराइच में आतंक मचाने वाले एक और भेड़िये को वन विभाग ने पकड़ लिया है. अधिकारियों के अनुसार, पांच भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है और एक और भेड़िये की तलाश जारी है.
बता दे कि सोमवार की रात रेस्क्यू अभियान चलाया गया. डीएफ़ओ अजीत प्रताप सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “छह भेड़ियों को पकड़ने की बात थी, जिसमें पांच को पकड़ लिया गया है. एक अब भी लापता है, उसे भी जल्द पकड़ लिया जाएगा.”
उन्होंने कहा,“वन विभाग की एक पूरी टीम लगी है और कुछ लोगों को अलग से भी हायर किया गया है.”उन्होंने बताया कि ‘ये ग्रुप में लोगों पर हमला करते थे और ख़ासकर बच्चों को शिकार बनाते थे. जब तक ये सभी छह नहीं पकड़े जाते तब तक समस्या बनी रहेगी.’
भेड़िए का आतंक
उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले में एक ख़ास इलाक़े में लोग कुछ दिनों से भेड़ियों के आतंक का सामना कर रहे थे.ये इलाक़ा भारत-नेपाल सीमा से सटे तराई अंचल का है, जहाँ भेड़ियों का झुंड ख़ासतौर से बच्चों को निशाना बना रहा है.भेड़ियों के हमलों से बड़े भी सुरक्षित नहीं हैं.
इस इलाक़े में जुलाई और अगस्त महीने में भेड़िए छह बच्चों को अपना शिकार बना चुके हैं और कुल 26 लोग उनके हमले में घायल हुए हैं.जिसके बाद प्रदेश की योगी सरकार ने उन्हें पकड़ने का आदेश दिया था. काफ़ी कोशिशों के बाद जब वन विभाग को उन्हें पकड़ने में नाकामी हाथ लगी तो उन्हें मारने का आदेश जारी किया गया था.
