फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बारात के दौरान पालतू कुत्ते की पिटाई से नाराज दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई और कई लोग घायल हो गए। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया।
शादी के मंडप में भौंकते कुत्ते से शुरू हुआ बवाल
जानकारी के मुताबिक, खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में बुधवार रात विवाह समारोह चल रहा था। दूल्हा प्रयागराज से बस और चार पहिया वाहनों से बारात लेकर पहुंचा था। जयमाल सहित अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं।
सुबह करीब चार बजे मंडप के नीचे दुल्हन को जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी। इसी दौरान कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता भौंकने लगा। आरोप है कि भौंकने से नाराज वर पक्ष के एक युवक ने कुत्ते की पिटाई कर दी।
कुत्ते को पीटे जाने पर वधू पक्ष ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं। मारपीट में वधू पक्ष के शुभम गुप्ता, ऋषभ केसरवानी और संगीता देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं।
गेस्ट हाउस में बवाल की सूचना पर पुलिस पहुंची तो वर पक्ष के कई लोग मौके से भाग निकले। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई और घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार कराने के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
दुल्हन का सख्त फैसला, उपहार लौटाकर खत्म हुआ मामला
गुरुवार को दोनों पक्षों को फिर थाने बुलाया गया। पुलिस ने दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी, जिस पर उसने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और एक-दूसरे को दिए गए उपहार व लेन-देन की वस्तुएं वापस कर दी गईं।
खागा कोतवाली प्रभारी आर.के. पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर दी जाती है तो आगे की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं दुल्हन के फैसले को लेकर लोग इसे आत्मसम्मान से जुड़ा कदम बता रहे हैं।
