बाराबंकी। आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने जिले में बिजली संकट, अघोषित कटौती, बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष जुगराज सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।
पार्टी नेताओं ने बताया कि यह कार्यक्रम राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया। ज्ञापन में प्रदेश में जारी बिजली संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए आम जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष जुगराज सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न जिलों में अघोषित बिजली कटौती से आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
AAP नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्रदेशभर से गलत रीडिंग, फर्जी बिलिंग और बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों की जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोज मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष रवि पांडे, विधानसभा अध्यक्ष रामनगर राजू शुक्ला, महिला जिला अध्यक्ष अफसाना बानो, नन्हे राम यादव, आकाश वर्मा, अरविंद यादव, बलवंत यादव, नफील खान, राजेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे
