Homeउत्तर प्रदेशपेपर लीक के विरोध में AAP छात्र विंग का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री...

पेपर लीक के विरोध में AAP छात्र विंग का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

लखनऊ। देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) की छात्र विंग ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन किया। जीपीओ कार्यालय के निकट आयोजित इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र विंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

छात्र विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक यह साबित करते हैं कि सरकारें परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रही हैं। उनका आरोप था कि जब राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक हो रहे हैं, तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 की दरोगा भर्ती परीक्षा से शुरू हुआ पेपर लीक का सिलसिला आज तक जारी है। इसके बाद कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाएं विवादों में घिरीं, जिससे करोड़ों युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। छात्रों ने कहा कि नीट, सीयूईटी समेत विभिन्न परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने युवाओं का सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर किया है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular