लखनऊ में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के बाद, पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की है. योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवज़ा, एक आवास, बच्चों को मुफ़्त शिक्षा और दूसरी सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का निर्देश दिया है.
लखनऊ के चिनहट थाने में मोहित पांडे नाम के एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में मौत के बाद राज्य में विपक्षी दलों ने सरकार को घेरा था.
यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े किए थे.राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने भी घटना को निंदनीय बताया था.
शनिवार की इस घटना पर पुलिस ने मुक़दमा भी दर्ज किया है. उस दिन आदेश नाम के व्यक्ति के साथ मोहित का विवाद हुआ उसके बाद पुलिस मोहित को अपने साथ ले गई थी.
मृतक के घर वालों का आरोप है कि आदेश स्थानीय नेता का रिश्तेदार है जिसकी वजह से पुलिस ने छोटे से मामले को लेकर उनकी पिटाई की.रात 2 बजे के क़रीब तबीयत बिगड़ने पर मोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
