रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में छत का प्लास्टर गिरने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सुरक्षा के लिहाज से वार्ड में भर्ती सभी बच्चों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में दावा किया गया कि बच्चा वार्ड की छत भर्ती बच्चों के ऊपर गिर गई, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे शहर में घटना को लेकर हलचल बढ़ गई।
फेसबुक पर पोस्ट किया गया वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘गरीब सेवा’ के बाल योगी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो के सामने आने के बाद इसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने उठाए एहतियाती कदम
छत का प्लास्टर गिरने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल एहतियाती कदम उठाए। वार्ड में भर्ती बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए सभी बच्चों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
मौत की खबर को प्रशासन ने बताया भ्रामक
वहीं, एसएन मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने छत गिरने और कई बच्चों की मौत से संबंधित सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को भ्रामक बताया है। प्रशासन का कहना है कि घटना को लेकर गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।
अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तहरीर
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी खबर को सोशल मीडिया पर शेयर न करे बताया जा रहा हैपूरा मामला थाना एमएम गेट क्षेत्र स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग का है।
अब इस पूरे मामले पर एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रशांत गुप्ता ने स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर छत गिरने और बच्चों की मौत को लेकर वायरल की जा रही खबर भ्रामक है।
“एसएन मेडिकल कॉलेज में बाल रोग विभाग के वार्ड में छत का कुछ प्लास्टर गिरा था। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को तत्काल दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। सोशल मीडिया पर बच्चों की मौत और कई बच्चों के घायल होने की जो खबरें प्रसारित की जा रही हैं, वे भ्रामक हैं। इस संबंध में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।”
फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने सभी बच्चों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक खबरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
