रिपोर्ट: ममता भारद्वाज
आगरा में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी को लेकर यूट्यूबर बाबू गप्पी उर्फ भोला गुर्जर के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इस मामले में योगी यूथ ब्रिगेड की महिला कार्यकर्ता रेखा नागपाल ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
रेखा नागपाल का आरोप है कि बाबू गप्पी ने महिलाओं के निजी अंगों को लेकर अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी की है, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और सामग्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों महिलाएं और डॉक्टर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने भी यूट्यूबर पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बाबू गप्पी पहले भी अश्लील वीडियो बनाकर महिलाओं और साधु-संतों की भावनाओं को आहत कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार की गई टिप्पणी से देश की महिलाओं की गरिमा और डॉक्टरों का अपमान हुआ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
