रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुरुवार को आगरा पहुंचे। यहां उन्होंने नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, उत्तर प्रदेश के 78वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की और लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता जागरूकता पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और निर्वाचन आयोग दुनिया की सबसे बड़ी चुनाव प्रबंधन संस्था है। उन्होंने बताया कि आयोग 95 करोड़ से अधिक मतदाताओं के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव कराने की जिम्मेदारी निभाता है।
उन्होंने आगरा के उद्योगपतियों और सामाजिक संगठनों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता होता है।”
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, सटीक और अद्यतन बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदान अवश्य करें और केवल तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया संविधान और निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के तहत संचालित होती है। उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक से मतदान में भाग लेने का आह्वान किया।
