रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज
आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित श्रीनगर कॉलोनी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। परिजनों का दावा है कि 65 वर्षीय शीला देवी, जिन्हें मृत मान लिया गया था और जिनके अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी हो चुकी थी, उनके शरीर में करीब 40 घंटे बाद अचानक हलचल होने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शीला देवी की मंगलवार तड़के मृत्यु होने की बात परिजनों ने बताई थी। इसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। घर पर रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा था और अंतिम संस्कार का सामान भी मंगाया जा चुका था।
इसी दौरान परिजनों का कहना है कि अचानक शीला देवी के शरीर में हलचल हुई और उन्होंने अपने भांजे का हाथ पकड़ लिया। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए और आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
घटना की खबर फैलते ही श्रीनगर कॉलोनी में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पहले मृत्यु की पुष्टि किस आधार पर की गई थी और वर्तमान में वृद्धा की चिकित्सकीय स्थिति क्या है। डॉक्टरों की आधिकारिक रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
