Homeउत्तर प्रदेशआगरा: हिस्ट्रीशीटर से पुलिस मुठभेड़, सपा के पूर्व पार्षद समेत तीन आरोपी...

आगरा: हिस्ट्रीशीटर से पुलिस मुठभेड़, सपा के पूर्व पार्षद समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज

आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में समाजवादी पार्टी के पूर्व पार्षद सुनील राठौर और दिनेश शर्मा को भी गिरफ्तार किया है।

ताजगंज पुलिस ने झलकारी बाई चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक 21 जून को पुरानी मंडी क्षेत्र में गौरव राठौर को गोली मारकर घायल किया गया था। जांच में सामने आया कि यह हमला जमीनी विवाद और गौरव राठौर की बहन से चल रहे पुराने विवाद के चलते कराया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात को अंजाम देने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। आरोप है कि पूर्व पार्षद सुनील राठौर ने 30 हजार रुपये एडवांस दिए थे, जबकि शेष 1.20 लाख रुपये घटना के बाद देने की डील हुई थी।

पुलिस के अनुसार सिकंदरा का हिस्ट्रीशीटर जिमी चौधरी जेल से रिहा होने के चार दिन बाद ही अपने साथियों के साथ हमले की साजिश में जुट गया था। जिमी चौधरी पर हत्या के प्रयास सहित करीब 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

मामले की जानकारी एसीपी ताज सुरक्षा यतेन्द्र सिंह नागर ने दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular