रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज स्थित राजश्री टॉकीज के पास स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नगर निगम द्वारा नाले की सिल्ट डाले जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. आंबेडकर अनुयायी एकता फाउंडेशन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा विरोध दर्ज कराया।
फाउंडेशन के सदस्यों ने गांधी प्रतिमा को पानी से स्नान कराकर साफ किया और नगर निगम के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष प्रिंस, राहुल वरुण और नितिन सोनी ने आरोप लगाया कि प्रतिमा के सामने सिल्ट डालना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर क्षेत्र की समुचित साफ-सफाई नहीं कराई गई तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा। साथ ही फाउंडेशन ने गांधी प्रतिमा स्थल पर एक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जाने की मांग भी उठाई, ताकि स्थल की गरिमा और आकर्षण को बढ़ाया जा सके।
