रिपोर्ट : – ममता भारद्वाज
आगरा में स्वामी प्रसाद मौर्य की भगवान श्रीराम और वीर हनुमान को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्वामी प्रसाद मौर्य का प्रतीकात्मक रूप धारण किए एक व्यक्ति के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे मानसिक आरोग्यशाला (पागलखाना) तक ले गए।
कार्यकर्ताओं ने मानसिक आरोग्यशाला की ओपीडी में प्रतीकात्मक रूप से स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम से इलाज का पर्चा भी कटवाया। प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला कार्यकर्ता हाथों में चप्पल लेकर प्रतीकात्मक रूप से विरोध करती हुई नजर आईं।
हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य की सनातन धर्म पर की गई टिप्पणियों से संगठन के कार्यकर्ता आहत हैं और इसी कारण यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने दावा किया कि उनके इलाज पर आने वाला खर्च भी संगठन उठाएगा।

हालांकि, प्रदर्शन के दौरान मीरा राठौर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ एक अत्यंत विवादित बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति उनकी जुबान काटकर लाएगा और उनकी आंख फोड़ देगा, उसे पांच लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस बयान को लेकर विवाद गहराने की संभावना है।
