Homeउत्तर प्रदेशआगरा में बारिश का कहर: चार मकान गिरे, कई घरों में दरारें,...

आगरा में बारिश का कहर: चार मकान गिरे, कई घरों में दरारें, प्रशासन ने कराया खाली

आगरा के बालूगंज क्षेत्र में स्थित तिराहे के पास बेनी सिंह इंटर कॉलेज के समीप नाले वाली गली में बीती रात हुई तेज बारिश के बाद बड़ा हादसा हो गया। बारिश के चलते अचानक चार मकान ढह गए, जबकि आसपास के एक दर्जन से अधिक मकानों में गंभीर दरारें आ गई हैं।

हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, क्योंकि समय रहते अधिकांश लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और तहसीलदार सदर मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए प्रभावित मकानों को तुरंत खाली कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की और दुर्घटना को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ, जब इलाके में तेज बारिश हो रही थी। अचानक मकान गिरने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।

क्षेत्रीय पार्षद ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी बैकफ्लो होकर घरों में घुस गया, जिससे मकानों की नींव कमजोर हो गई और वे ढह गए।

कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि आसपास की संरचनाओं और खाली जगहों के कारण जमीन कमजोर हो गई थी, जिससे मकानों को नुकसान पहुंचा।

फिलहाल प्रशासन द्वारा क्षेत्र का सर्वे किया जा रहा है और क्षतिग्रस्त मकानों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular