HomeUncategorizedआगरा: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45...

आगरा: पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन तक करती रही गुमशुदगी का नाटक

रिपोर्ट- ममता भारद्वाज

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना 8क्षेत्र के दहतोरा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित रूप से अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, वह करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। मामले का खुलासा पुलिस के नियमित सत्यापन के दौरान हुआ, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया।

पुलिस के अनुसार, दहतोरा निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की शादी करीब 16 वर्ष पहले रूबी से हुई थी। दंपति की दो बेटियां हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात रूबी ने पहले दोनों बेटियों को अपने जेठ के घर भेज दिया। इसके बाद उसने पति के लिए खीर बनाई, जिसमें कथित तौर पर नींद की गोलियां मिला दीं।

खीर खाने के बाद सुरेंद्र बेहोश हो गया। आरोप है कि इसी दौरान रूबी ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। अगले दिन उसने साक्ष्य छिपाने की नीयत से घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी महिला लगातार पति के लापता होने की कहानी सुनाती रही, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि, पुलिस के नियमित सत्यापन और जांच के दौरान मामला संदिग्ध लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की वजह भी स्पष्ट हो जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular