रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के बाईखेड़ा गांव में एक 30 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। युवक रात में खेतों पर सोने गया था, लेकिन सुबह उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युवक का कहीं सुराग नहीं लगा। घटना के बाद गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि युवक रोज की तरह रात में खेतों की रखवाली करने गया था। सुबह जब परिवार के लोग खेत पहुंचे तो युवक वहां मौजूद नहीं मिला। उसकी चारपाई और सामान खेत में ही पड़ा था, लेकिन युवक अचानक गायब था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के खेतों और गांव में तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया। जांच के दौरान खेतों से कुछ दूरी पर खून के धब्बे और बाल मिलने से मामला और ज्यादा संदिग्ध हो गया। पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है और अनहोनी की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही।
युवक के अचानक गायब होने से गांव में सनसनी फैली हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मां रेखा ने बताया कि उनका बेटा रात में खेत पर सोने गया था, लेकिन सुबह से उसका कोई पता नहीं चल रहा। परिवार को किसी बड़ी अनहोनी का डर सता रहा है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल युवक की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
