रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार तीसरे दिन बारिश और खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात से विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण कई विमानों को लैंडिंग में परेशानी हुई। कुछ विमानों को काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे हैदराबाद से लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट को खराब विजिबिलिटी के चलते दिल्ली डायवर्ट किया गया। वहीं, गोवा से करीब 8:30 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान को नोएडा एयरपोर्ट भेजा गया। इंदौर से रात 9:10 बजे लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी नोएडा डायवर्ट किया गया।

इसके अलावा बेंगलुरु से रात 9:45 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट और रात 9:55 बजे पहुंचने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान भी लखनऊ में लैंड नहीं कर सकी। दोनों विमानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से रात 10:40 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट ने भी खराब विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन कुछ देर आसमान में चक्कर लगाने के बाद उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
शनिवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर पांच फ्लाइटें पहुंचीं। हालांकि, मौसम खराब रहने और विजिबिलिटी कम होने के कारण उड़ानों के संचालन पर असर बना हुआ है।
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की एडवाइजरी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। इसे देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर बनाने की सलाह दी है।
लगातार बारिश के चलते लखनऊ में कई स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी है। ऐसे में यात्रियों से कहा गया है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें और अपनी फ्लाइट का स्टेटस पहले से जांच लें।
लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की टीम मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक यात्रियों की सुविधा और संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए टीम चौबीसों घंटे तैयार है।
