वाराणसी।देव दीपावली पर इस बार काशी के घाटों पर दीपों की जगमगाहट के साथ आधुनिक तकनीक का अद्भुत नजारा भी देखने को मिलेगा।
ऐतिहासिक चेत सिंह घाट पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, अनमॉर्फिक एलईडी स्क्रीन और लेजर शो के जरिए काशी की पौराणिक एवं आध्यात्मिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर यहां 25 मिनट का मल्टीमीडिया शो ‘काशी-कथा’ आयोजित होगा।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य काशी की हजारों साल पुरानी सनातन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ऐतिहासिक इमारतों पर 3-डी प्रोजेक्शन के जरिए काशी की गौरवगाथा दिखाई जाएगी। एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्शन लाइट के तालमेल से ऐसे दृश्य तैयार होंगे, जो दर्शकों को वास्तविकता का अनुभव कराएंगे।
शंखनाद और डमरू की गूंज से होगा आगाज
‘काशी-कथा’ की शुरुआत शंखनाद और डमरू की गूंज के साथ होगी। शो में भगवान शिव की महिमा, भगवान गणेश की कथा, शिव-पार्वती विवाह और देव दीपावली की पौराणिक मान्यताओं को आकर्षक दृश्यों के जरिए दिखाया जाएगा। इसके साथ ही मां गंगा की महिमा, भगवान विष्णु के चक्र पुष्करिणी कुंड से जुड़े प्रसंग और गंगा स्वच्छता का संदेश भी प्रस्तुत किया जाएगा।
आठ मिनट का होगा भव्य लेजर शो
मल्टीमीडिया शो के समापन पर करीब आठ मिनट का लेजर शो आयोजित होगा। इसका प्रदर्शन रात 7:20 बजे से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन बार किया जाएगा। खास बात यह है कि इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पर्यटकों और श्रद्धालुओं को कोई प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा।
इस आयोजन के जरिए देशी-विदेशी पर्यटकों को काशी की आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने और देव दीपावली को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी है।
