रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा पिछड़ा मोर्चा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में लोकमाता को श्रद्धांजलि देने के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े आयोजन भी होंगे।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रमों के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से औरैया के बिधूना में अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर स्थापित राजकीय महाविद्यालय का नाम बदले जाने को लेकर सवाल किया जाएगा।

बिधूना कॉलेज के नाम परिवर्तन पर सवाल
प्रकाश पाल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय और सुशासन को प्राथमिकता दी। उन्होंने कई तीर्थस्थलों और मंदिरों का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया और सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल किया कि औरैया के बिधूना में स्थापित राजकीय महाविद्यालय का नाम एक समय लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया था, तो बाद में इसे क्यों बदला गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या नाम परिवर्तन का कारण अहिल्याबाई होल्कर का अति पिछड़े समाज से होना या मुगल आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए गए तीर्थस्थलों और मंदिरों के पुनर्निर्माण में उनकी भूमिका थी।
भाजपा ने गिनाए सम्मान
प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रयागराज में संगम तट पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और सोमनाथ मंदिर में भी उनके सम्मान से जुड़े कार्य किए गए हैं। उनके नाम पर सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया गया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में मेडिकल कॉलेज का नाम भी लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया है। मुख्यमंत्री ने मई 2025 में औरैया के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किए जाने की घोषणा की थी।
सभी जिलों में होंगे कार्यक्रम
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अनुसार पुण्यतिथि पर प्रदेश के सभी जिलों में श्रद्धांजलि सभाएं और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जनकल्याण, न्याय, सुशासन और सांस्कृतिक योगदान को याद किया जाएगा।
कार्यक्रमों के जरिए महाविद्यालय के नाम परिवर्तन का मुद्दा भी उठाया जाएगा और समाजवादी पार्टी से इस पर जवाब मांगा जाएगा।
