लखनऊ। बंगलूरू से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में सवार 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री को अचानक हार्ट अटैक की शिकायत हो गई। स्थिति गंभीर होने पर पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी, जिसके बाद मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या AI-2418 ने गुरुवार शाम निर्धारित समय 5:25 बजे बंगलूरू से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान एक बुजुर्ग यात्री ने सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत की। यात्री की हालत बिगड़ती देख क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई और पायलट को स्थिति से अवगत कराया।
पायलट द्वारा सूचना दिए जाने के बाद एटीसी ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और विमान को निकटतम उपयुक्त एयरपोर्ट लखनऊ पर उतारने की अनुमति दी। सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन सक्रिय हो गया। एयरपोर्ट के डॉक्टरों की टीम, मेडिकल स्टाफ और एंबुलेंस को रनवे के पास तैनात कर दिया गया।
रात करीब 10:15 बजे विमान के लखनऊ पहुंचते ही बुजुर्ग यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक समय पर उपचार मिलने से यात्री की हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
विमान में कुल 128 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इनमें से 11 यात्रियों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर ही उतरने का फैसला किया, जबकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विमान को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि किसी भी मेडिकल आपात स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से मौजूद रहती हैं, जिसके चलते मरीज को बिना देरी उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
