रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
औरैया। तहसील अजीतमल में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। अधिकारियों ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान शिकायतकर्ता राकेश कुमार ने तहसील में कार्यरत एक कर्मचारी पर खतौनी से कुर्की हटाने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राशि लेने के बावजूद अब तक खतौनी में नाम दर्ज है और मामले में न्याय की मांग की।
वहीं, हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल की गौशाला की बदहाल स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आवारा गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, पानी और बेहतर देखभाल की व्यवस्था कराने की मांग की।

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने खेल मैदान की भूमि पर कब्जा, बिजली कनेक्शन, जल निकासी, मारपीट, आवारा गोवंश और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

