लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) का 24वां दीक्षांत समारोह 7 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को स्टार्टअप अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब यूपी ने प्रदेश के संबद्ध संस्थानों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इनोवेशन हब यूपी के सीईओ महीप सिंह ने बताया कि इस वर्ष पुरस्कार की थीम “स्टूडेंट इनोवेशन फॉर सस्टेनेबल एंड सेल्फ-रिलायंट उत्तर प्रदेश” रखी गई है। चयनित स्टार्टअप्स को दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल सम्मानित करेंगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना है, ताकि युवा उद्यमी प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान दे सकें। पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून निर्धारित की गई है।
इन पुरस्कारों के लिए केवल एकेटीयू से संबद्ध कॉलेजों के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके स्टार्टअप उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) में पंजीकृत हैं। एक स्टार्टअप अधिकतम दो श्रेणियों में आवेदन कर सकता है। आवेदन और अन्य जानकारी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर उपलब्ध है।
पांच श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
- डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड
- वूमेन लीड स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड
- टेक-इनोवेशन स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड
- सस्टेनेबल एवं ग्रीन एनर्जी स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड
- एग्रीकल्चर एंड एग्री-टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड
