Homeउत्तर प्रदेशएशियन पैरा गेम्स में स्वाति चौधरी, सुवर्णा राज और सुहास एलवाई ने...

एशियन पैरा गेम्स में स्वाति चौधरी, सुवर्णा राज और सुहास एलवाई ने बढ़ाया देश का मान, सीएम योगी ने दी बधाई

लखनऊ। एशियन पैरा गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा है। उत्तर प्रदेश की बेटी स्वाति चौधरी सहित सुवर्णा राज और सुहास एलवाई की पदक उपलब्धियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खिलाड़ियों की सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल niभविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

महिला W1 तीरंदाजी स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली स्वाति चौधरी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि स्वाति की कामयाबी देश के अनगिनत युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को स्वाति की उपलब्धि पर गर्व है।

वहीं, महिलाओं की डिस्कस थ्रो F54 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली सुवर्णा राज की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके अथक परिश्रम और अटूट संकल्प ने असंख्य बेटियों के सपनों को नई उड़ान दी है। पुरुष एकल SL4 पैरा-बैडमिंटन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सुहास एलवाई को भी मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि दृढ़ संकल्प और मेहनत से लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।

खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण को बढ़ावा दे रही योगी सरकार

प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं और आर्थिक सहायता पर जोर दे रही है। एक जनपद-एक खेल योजना के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में खेलो इंडिया सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल किट और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में संचालित पांच स्पोर्ट्स कॉलेजों में 14 खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधा भी मिलती है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को खेल शिक्षा और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पदक विजेताओं को पुरस्कार और सरकारी नौकरी के अवसर

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से पुरस्कार राशि और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़ रुपये, रजत पदक पर चार करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान है।

इसके अलावा लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए राजपत्रित पदों पर नियुक्ति का प्रावधान भी उन्हें खेल के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

खेल नीति से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी

प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के मुताबिक, गांवों में खेल मैदानों के विकास और गोरखपुर व वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों के निर्माण से खेल सुविधाओं का और विस्तार होने की उम्मीद है। खेल नीति-2023 के तहत प्रतिभाओं की पहचान, बेहतर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और बेहतर अवसरों के सहारे बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular