Homeउत्तर प्रदेशPET-2026: डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा...

PET-2026: डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश

*रिपोर्ट: दीपक अवस्थी

औरैया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शनिवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और परीक्षा संचालन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका इंटर कॉलेज, तिलक महाविद्यालय, तिलक इंटर कॉलेज तथा चौधरी बिशंभर सिंह भारतीय विद्यालय (इंटर कॉलेज) सहित निर्धारित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं को देखा और आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

 

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर सतर्कता बरती जाए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कंट्रोल रूम से होगी लगातार निगरानी

डीएम और एसपी ने PET परीक्षा से संबंधित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां से परीक्षा केंद्रों की निगरानी और समन्वय व्यवस्था का जायजा लिया गया। संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और किसी भी समस्या या सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें।

अधिकारियों ने परीक्षा से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

पलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने और परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध प्रभावी रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद सहित संबंधित परीक्षा केंद्रों के संचालक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular