Homeउत्तर प्रदेशऔरैया में 103 किलो अवैध पटाखे बरामद, ऐरवा कटरा पुलिस ने एक...

औरैया में 103 किलो अवैध पटाखे बरामद, ऐरवा कटरा पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा

रिपोर्ट: अमित शुक्ला | औरैया

औरैया। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में ऐरवा कटरा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आटा चक्की के बेसमेंट में छिपाकर रखे गए 103 किलोग्राम अवैध पटाखे और आतिशबाजी का सामान बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों में विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी, फुलझड़ियां और रॉकेट शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। दीपावली के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

इसी अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष गंगादास गौतम के नेतृत्व में ऐरवा कटरा पुलिस टीम को मुखबिर से अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

पुलिस ने गया दीन इंटर कॉलेज से करीब 200 मीटर आगे सुतियानी रोड स्थित एक आटा चक्की के पास कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आटा चक्की के बेसमेंट में चार बोरियों में भरकर रखे गए पटाखे और अन्य आतिशबाजी का सामान मिला। पुलिस ने जब बरामद सामान का वजन कराया तो इसकी कुल मात्रा एक क्विंटल तीन किलोग्राम यानी 103 किलो निकली।

मौके से पुलिस ने उमरैन निवासी रामवीर सिंह शाक्य पुत्र रामदत्त शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें दीपावली के दौरान कहां खपाने की तैयारी थी।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना ऐरवा कटरा में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

अवैध पटाखों की बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गंगादास गौतम, उपनिरीक्षक विमल कुमार सिंह, कांस्टेबल आलोक कुमार, धर्मवीर और आदित्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular