उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशवासियों को त्योहारों पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, ऐसे में अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वाले बड़े और संगठित गिरोहों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली की मांग अधिक है, वहां समय रहते जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि त्योहारों के दौरान ओवरलोडिंग, ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या न हो।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए बिजली वितरण व्यवस्था की निगरानी और जरूरी सुधार पर जोर दिया गया है।
झटपट पोर्टल पर लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण
विद्युत कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर आए आवेदनों को लेकर भी ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने और निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर कमियों को दूर करने को कहा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना और आवेदन प्रक्रिया को बेहतर बनाना है।
नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उनके अनुसार, घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इसका सीधा लाभ मिलेगा।
नवसृजित नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली व्यवस्था
प्रदेश की नवसृजित नगर पंचायतों में बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को तैयार है। ऐसे में संबंधित अधिकारी जरूरी कार्यों को तेजी से पूरा करें।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
