स्टोरी टीवी के माइक्रोड्रामा शो ‘प्रेमकथा’ में अभिनेत्री न्यारा एम. बनर्जी और करम राजपाल की जोड़ी नजर आ रही है। प्यार, बदले और चौंकाने वाले खुलासों से भरी इस कहानी में रोमांस के साथ अपराध की दुनिया का टकराव भी देखने को मिलता है। शो की खासियत इसका फिल्मी अंदाज, रंगीन सेट और भव्य विजुअल्स हैं। अभिनेत्री न्यारा एम. बनर्जी के मुताबिक, शो को बनाते समय मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की फिल्मों से प्रेरणा ली गई।
एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में न्यारा ने बताया कि टीम ने शो में भंसाली की फिल्मों जैसा आकर्षण, ऊर्जा और भव्यता लाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान जब वह अपने शॉट्स देखती थीं, तो उन्हें एहसास होता था कि इस शो ने उन्हें दिखा दिया है कि वह संजय लीला भंसाली की किसी फिल्म में कैसी नजर आएंगी।
दीपिका पादुकोण के अंदाज से ली प्रेरणा
न्यारा एम. बनर्जी ने शो के फिल्मी अंदाज पर बात करते हुए कहा कि टीम ने भंसाली की फिल्मों के मशहूर गाने ‘लहू मुंह लग गया’ जैसी खूबसूरती और प्रभाव को पर्दे पर उतारने की कोशिश की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा, “लग रही हूं कि नहीं मैं दीपिका पादुकोण जैसी?”
अभिनेत्री के मुताबिक, पूरी टीम ने इसी सोच के साथ शो की शूटिंग की और हर दृश्य में बड़े पर्दे जैसा अनुभव देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस स्तर की ऊर्जा और भव्यता लाने के लिए टीम ने काफी मेहनत की है।
प्यार और बदले की कहानी है ‘प्रेमकथा’
गुजरात की रंगीन पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो में न्यारा एम. बनर्जी सेजल की भूमिका निभा रही हैं। सेजल एक खतरनाक डॉन की निडर बेटी है, जिसे जय से प्यार हो जाता है। जय का किरदार करम राजपाल निभा रहे हैं, जो एक साधारण ट्रक ड्राइवर है और मुश्किल वक्त में सेजल की मदद करता है।
दोनों की प्रेम कहानी उस समय नया मोड़ लेती है, जब दो दुश्मन अपराधी परिवारों के बीच टकराव बढ़ने लगता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ कई राज खुलते हैं और जय की असली पहचान सामने आती है। इससे दोनों की जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
‘प्रेमकथा’ माइक्रोड्रामा फॉर्मेट में पेश किया गया है, जिसमें छोटे-छोटे एपिसोड के जरिए रोमांस, जुनून, बदले और पारिवारिक दुश्मनी की कहानी दिखाई गई है। शो को फिल्मी अंदाज में तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों को कम समय में बड़े पर्दे जैसा अनुभव मिल सके।
‘प्रेमकथा’ अब सिर्फ स्टोरी टीवी ऐप पर स्ट्रीम हो रहा है।
