HomeUncategorizedऑनलाइन फूड डिलीवरी स्टोर्स पर FSDA की कार्रवाई, दो के लाइसेंस निलंबित

ऑनलाइन फूड डिलीवरी स्टोर्स पर FSDA की कार्रवाई, दो के लाइसेंस निलंबित

लखनऊ। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए घरों तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने सख्ती बढ़ा दी है। ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत ब्लिंकिट, जेप्टो, अमेजन, रिलायंस और मेट्रो समेत अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और डार्क स्टोर्स की जांच की जा रही है। अभियान के दूसरे दिन रविवार को प्रदेशभर में 92 निरीक्षण किए गए। गंभीर अनियमितताओं के चलते दो स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित कर खाद्य कारोबार बंद कराया गया, जबकि दो अन्य स्टोर्स में फ्रोजन मीट और मीट उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, रविवार को जांच के दौरान 75 मामलों में सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के 20 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।

चिनहट के जेप्टो स्टोर में मिली गंदगी

लखनऊ के चिनहट स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं। परिसर में गंदगी, शौचालय से दुर्गंध, फर्श पर कीट और उनके अपशिष्ट मिले। खाद्य सामग्री रखने वाले रैक पर जंग और फफूंद भी पाई गई। कटे-फटे खाद्य पदार्थों के ऊपर कीटों से संबंधित अपशिष्ट मौजूद था। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को दवाओं और न्यूट्रास्यूटिकल्स के साथ रखा जा रहा था। इन खामियों के आधार पर विभाग ने स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर सुधारात्मक कार्रवाई पूरी होने तक खाद्य कारोबार बंद करा दिया।

दो स्टोर्स में मीट की बिक्री पर रोक

लखनऊ के चिरैयाबाग स्थित जेप्टो स्टोर और हुसैनाबाद स्थित ब्लिंकिट स्टोर में मीट एवं मीट उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस में जरूरी अनुमोदन नहीं मिला। इसके बावजूद इन उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। विभाग ने दोनों स्टोर्स में संबंधित मीट उत्पादों की बिक्री तत्काल प्रभाव से बंद करा दी।

नोएडा के जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में भी खामियां

नोएडा के वाजिदपुर, सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर (मॉडेम ग्रोसरी) की जांच में खाद्य सामग्री रखने वाले रैक पर जंग और फफूंद मिली। कोल्ड रूम का फर्श क्षतिग्रस्त था और उस पर खाद्य पदार्थ बिखरे पड़े थे। यहां स्वच्छता का स्तर भी खराब पाया गया। विभाग ने व्यवस्था में सुधार होने तक संबंधित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाते हुए कोल्ड रूम में खाद्य कारोबार बंद करा दिया।

भंडारण से लेकर डिलीवरी तक हो रही जांच

विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण, एक्सपायरी और बेस्ट बिफोर अवधि की जांच कर रहे हैं। खाद्य सामग्री की खरीद और आपूर्ति से जुड़े बिल-वाउचर, कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेख, प्रशिक्षण और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी जांच के दायरे में है।

इसके साथ ही यह देखा जा रहा है कि खाद्य पदार्थों को अन्य सामग्रियों से अलग रखा जा रहा है या नहीं। एक्सपायर्ड और अनुपयोगी खाद्य सामग्री के निस्तारण, पैकिंग, हैंडलिंग और डिलीवरी से जुड़े मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।

विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों का पालन कराना है। निरीक्षण अभियान के दौरान अनियमितताएं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular