लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के गेट नंबर-8 के सामने नारियल पानी खरीदने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ठेले लगाने वाले कई दुकानदारों ने मरीजों के तीमारदारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। एक तीमारदार बचने के लिए भागा तो हमलावर उसकी पीठ पर पटरे से वार करते रहे। मारपीट के दौरान कई ठेले भी पलट गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
मामला विभूतिखंड थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे लोहिया संस्थान में इलाज कराने आए मरीजों के तीमारदार बाहर नारियल पानी खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दुकानदार और तीमारदारों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि नारियल पानी बेचने वाले और अन्य दुकानदारों ने ठेलों के नीचे रखे पटरे निकाल लिए और तीमारदारों पर हमला कर दिया। एक तीमारदार जान बचाकर भागने लगा तो उसे दौड़ाकर पीटा गया। बताया जा रहा है कि संस्थान के गेट के पास गिरने के बाद भी उसे कई लोगों ने पटरे से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग एक व्यक्ति को घेरकर मारते दिखाई दे रहे हैं।
करीब आधे घंटे तक मची रही अफरातफरी
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मारपीट करीब 30 मिनट तक चलती रही। संस्थान के गेट के सामने हंगामे के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुछ ठेले पलट गए, जिससे आसपास रखा खाने-पीने का सामान भी सड़क पर बिखर गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मारपीट रुकी। हालांकि, आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के दौरान भी कुछ लोग हमला करते रहे।
नारियल पानी को लेकर हुआ था विवाद
विभूतिखंड थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह के मुताबिक, घटना में एक पक्ष दुकानदारों का और दूसरा पक्ष संस्थान में इलाज कराने आए मरीज के तीमारदारों का है। नारियल पानी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दुकानदारों ने तीमारदार पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रायबरेली के लालगंज निवासी विकास गुप्ता की तहरीर ली गई है। घटना के वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
चौकी प्रभारी पर पैसे लेकर ठेले लगवाने का आरोप
घटना के बाद आसपास के कुछ दुकानदारों ने पुलिस चौकी के प्रभारी पर भी आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि नए चौकी प्रभारी के आने के बाद कथित तौर पर पैसे लेकर स्थायी दुकानों के सामने ठेले लगवाए जा रहे हैं। आरोप लगाने वाले दुकानदारों का कहना है कि ठेले लगाने वाले लोग मरीजों के तीमारदारों से बदसलूकी करते हैं और पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नगर निगम ने अतिक्रमण को बताया चुनौती
लखनऊ नगर निगम के जोन-4 की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने बताया कि लोहिया रूट पर कई बार अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा चुका है। हालांकि, अभियान समाप्त होने के तुरंत बाद रेहड़ी-पटरी वाले दोबारा वहां दुकानें लगा लेते हैं।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण दोबारा न हो, इसके लिए पुलिस विभाग को कई बार पत्र भेजे गए हैं। लोहिया संस्थान से कठौता और विराजखंड तक बार-बार अतिक्रमण होना चुनौती बना हुआ है।
