रिपोर्ट: अमित शुक्ला
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर दफन युवती का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
फोन पर मिली सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई, जिसमें युवती का शव बरामद हुआ। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद कन्नौज निवासी उसके भाई ने शव की पहचान अपनी बहन के रूप में की।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती के पिता और उसके एक मददगार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को बेला थाना पुलिस को ग्राम प्रधान उसराहा ने फोन कर सूचना दी कि दिलीपुर गांव के मोड़ के पास वन विभाग की जमीन में एक युवती का शव दफन है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
शव की पहचान कराने के लिए पुलिस ने युवती की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की। तस्वीर देखकर कन्नौज जिले के कपूरापुरा गांव निवासी रजत ने पुलिस से संपर्क किया और शव की पहचान अपनी बहन के रूप में की। इसके बाद मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सर्विलांस की मदद से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद युवती के पिता चंद्रप्रकाश और वारदात में उसकी मदद करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और फावड़ा भी बरामद किया है।
बदनामी के डर से हत्या करने का आरोप
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपी चंद्रप्रकाश दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। पुलिस का कहना है कि बेटी के चाल-चलन को लेकर नाराजगी और समाज में बदनामी के डर से उसने अपने भांजे की मदद से बेटी की हत्या की और शव को गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया।फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
