Homeउत्तर प्रदेशसर्राफ की दुकान से छह सोने की अंगूठियां चोरी करने वाला अंतरराज्यीय...

सर्राफ की दुकान से छह सोने की अंगूठियां चोरी करने वाला अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

रिपोर्ट – अमित शुक्ला

औरैया। कुदरकोट कस्बे में सर्राफ की दुकान से छह सोने की अंगूठियां चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कुदरकोट थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 13 ग्राम पीली धातु की छह अंगूठियां बरामद हुई हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र ने बताया कि कुदरकोट निवासी समीर सोनी की सर्राफ की दुकान पर 19 सितंबर को अपाचे बाइक से दो युवक पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने दुकान पर मौजूद समीर के छोटे भाई शिवम सोनी से आभूषण दिखाने को कहा। इसी दौरान आरोपियों ने चालाकी से छह अंगूठियां पार कर दीं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

अंडरपास के पास दबोचा

शनिवार को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का माल लेकर एक आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर कुदरकोट पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने दोपहर करीब 12:45 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से कासिम अब्बास ईरानी निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की छह अंगूठियां बरामद हुईं।

कई राज्यों में चोरी करने की बात कबूली

एएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग राज्यों में घूमकर चोरी करने की बात बताई है। उसने 19 सितंबर को कुदरकोट की सर्राफ की दुकान से अंगूठियां चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की अंगूठियां बेचने की फिराक में था और बारिश से बचने के लिए अंडरपास के पास रुका हुआ था। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में कुदरकोट थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शंभूनाथ समेत पुलिस टीम शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular