Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर में फर्जी GST अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गैंग का खुलासा,...

हमीरपुर में फर्जी GST अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गैंग का खुलासा, 4 गिरफ्तार

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। जनपद में फर्जी GST अधिकारी बनकर ट्रक चालकों और व्यापारियों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

कोतवाली नगर पुलिस ने मामले में चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से फर्जी GST अधिकारी के पहचान पत्र, तीन मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पूर्व सांसद को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने जिस ट्रक को निशाना बनाया था, उसमें पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत का सामान लदा हुआ था। इस घटना की साजिश ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

योजना के तहत आरोपियों ने खुद को GST अधिकारी बताकर सामान के मालिक पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत को फोन किया और 50 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि धमकाकर उनसे 11 हजार रुपये भी ले लिए गए। मामले में पूर्व सांसद की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

 

फर्जी चेकिंग के नाम पर करते थे वसूली

एसपी के अनुसार, आरोपी आपस में मिलीभगत कर हाईवे और शहर में फर्जी चेकिंग करते थे। फर्जी पहचान पत्र दिखाकर ट्रक चालकों और व्यापारियों को GST कार्रवाई का डर दिखाया जाता था और उनसे रुपये वसूले जाते थे।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने इससे पहले भी कई लोगों को इसी तरीके से निशाना बनाया है। पुलिस इस संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

दो आरोपी अभी फरार

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान फरार आरोपियों की पहचान कृष्णा और सागर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular