Homeउत्तर प्रदेशअवध बार एसोसिएशन चुनाव: करीब 5 हजार अधिवक्ता कर रहे मतदान, अध्यक्ष...

अवध बार एसोसिएशन चुनाव: करीब 5 हजार अधिवक्ता कर रहे मतदान, अध्यक्ष पद पर 11 प्रत्याशी मैदान में

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में अवध बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए बुधवार को मतदान हो रहा है। चुनाव में करीब पांच हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान को लेकर हाईकोर्ट परिसर में गतिविधियां तेज हैं। प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं।

मतदान के लिए अधिवक्ताओं को पहले ही वोटर पर्चियां वितरित की जा चुकी हैं। वोट डालने के लिए सीओपी प्रमाण पत्र या अवध बार एसोसिएशन का पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। गुरुवार को मतगणना शुरू होगी, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।

अध्यक्ष पद पर 11, महासचिव के लिए आठ उम्मीदवार

सह चुनाव अधिकारी आरबीएस राठौर के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि महासचिव पद पर आठ उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष का पद महिलाओं के लिए आरक्षित है, जिस पर तीन प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं।

वहीं, उपाध्यक्ष मध्य पद के लिए 14 और उपाध्यक्ष जूनियर पद के लिए 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। संयुक्त सचिव के पदों पर भी मुकाबला है। महिलाओं के लिए आरक्षित एक सीट पर सात प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं।

कोषाध्यक्ष का पद भी महिलाओं के लिए आरक्षित है। इस पद पर 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। वरिष्ठ कार्यकारिणी के चार पदों के लिए 25 पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि महिलाओं के लिए आरक्षित दो पदों पर सात प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं।

इसी तरह कनिष्ठ कार्यकारिणी के चार पदों के लिए 24 पुरुष उम्मीदवार मैदान में हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित दो पदों पर सात प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की मांग

मतदान के दौरान अधिवक्ता शोभा राजपूत ने कहा कि यह चुनाव सभी अधिवक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों से कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की मांग की जाएगी। उनके मुताबिक, जजों की कमी के कारण मुकदमों की सुनवाई लंबी खिंचती है, जिससे अधिवक्ताओं और उनके पक्षकारों को परेशानी होती है। कई बार तारीख पर तारीख मिलने के बावजूद मामलों का निस्तारण नहीं हो पाता।

हाईकोर्ट गेट नंबर-8 पर नारेबाजी

चुनाव के दौरान हाईकोर्ट के गेट नंबर-8 पर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलदीप पति त्रिपाठी के समर्थक नारेबाजी करते नजर आए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद की प्रत्याशी प्रियंका पाल के समर्थक भी हाईकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं से संपर्क कर वोट मांगते दिखे।

गुरुवार को होने वाली मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular