इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। 85 सेकंड के इस ट्रेलर में इमरान हाशमी अपने पुराने अंदाज और लंबे बालों वाले लुक में नजर आ रहे हैं, जिसने 2000 के दशक की उनकी फिल्मों की यादें ताजा कर दी हैं।
ट्रेलर में इमरान हाशमी और शबाना आजमी के किरदारों के बीच गहरी दुश्मनी और बदले की कहानी की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही रोमांस और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलते हैं। ट्रेलर छोटा जरूर है, लेकिन फिल्म की कहानी और मुख्य किरदारों की एक प्रभावशाली झलक देने में सफल नजर आता है।

फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की और अनिरुद्ध रावल अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्देशक नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

गौरतलब है कि साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी। करीब 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 12 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। हालांकि समय के साथ फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला और आज इसे एक कल्ट क्लासिक माना जाता है। ऐसे में ‘आवारापन 2’ से मेकर्स और फैंस दोनों को बड़ी उम्मीदें हैं।
