रिपोर्ट – दीपक अवस्थी
अयाना, औरैया।अयाना थाना क्षेत्र में जुहीखा पुल के पास यमुना नदी में शनिवार को एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव राना सिंह के खेत के सामने नदी में पड़ा था और रस्सी से बंधा हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। शव के रस्सी से बंधे होने के कारण मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3:50 बजे चौकीदार ने यमुना नदी में महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शुरुआती जांच में महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई है। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब छह दिन पुराना है। महिला ने हल्के लाल रंग का ब्लाउज और चुनरी पहन रखी थी।
रस्सी से बंधा शव मिलने से उठे सवाल
यमुना नदी में शव मिलने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि शव नदी के बहाव में बहकर यहां पहुंचा होगा। हालांकि, शव का रस्सी से बंधा होना घटना को संदिग्ध बना रहा है।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलेगी अहम जानकारी
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की पहचान और मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
